जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में मंगलवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खड़ी कार के अंदर दो पुलिसकर्मी अचेत अवस्था में मिले।
दोनों जिला पुलिस लाइंस, रामबन में तैनात थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक, हेड कांस्टेबल फरीद अहमद और सेलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल मुहम्मद याकूब बाटोट के सना इलाके में जियारत मोड़ के पास एक कार में होने की सूचना मिली। दोनों को कार के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में अचेत पाया गया। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मौत की वजह अब तक साफ नहीं
दोनों पुलिसकर्मियों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। घटना को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोनों पुलिसकर्मियों की मौत की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
Comments are closed.