शी चिनफिंग का अमेरिका में भव्य स्वागत, ट्रंप-मेलानिया ने एयरपोर्ट पर किया रिसीव; दिखा दुर्लभ नजारा

1

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग बुधवार को तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर अमेरिका पहुंचे, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने जॉइंट बेस एंड्रयूज पर उनका व्यक्तिगत रूप से स्वागत किया।

ट्रंप के साथ फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप भी मौजूद थीं। दोनों ने शी चिनफिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन से हाथ मिलाकर उनका स्वागत किया।

इस दौरान एयरबेस पर विशेष स्वागत समारोह आयोजित किया गया। ट्रंप लंबे कोट और दस्ताने पहने नजर आए। दोनों नेता रनवे पर साथ खड़े रहे, जबकि सैन्य बैंड ने प्रस्तुति दी। समारोह के दौरान दो बी-1 बॉम्बर विमानों ने फ्लाईओवर किया। इसके अलावा छह एफ-22 और छह एफ-16 लड़ाकू विमानों की भी तैनाती की गई थी। चीनी राष्ट्रपति के स्वागत के लिए रनवे पर लाल कालीन बिछाया गया था।

यह स्वागत इसलिए भी चर्चा में रहा क्योंकि मई में ट्रंप की बीजिंग यात्रा के दौरान उन्हें इसी तरह का व्यक्तिगत एयरपोर्ट रिसेप्शन नहीं मिला था।

तीन दिनों तक चलेगा दौरा

शी चिनफिंग की अमेरिका यात्रा शुक्रवार सुबह तक चलेगी। गुरुवार को व्हाइट हाउस में उनके सम्मान में राजकीय भोज का आयोजन किया जाएगा। शुक्रवार को दोनों राष्ट्रपति और उनकी पत्नियां चाय पार्टी में शामिल होंगी। इसके बाद वे नेशनल आर्काइव्स का दौरा करेंगे, जहां अमेरिकी स्वतंत्रता की घोषणा सुरक्षित रखी गई है।

एआई, व्यापार और ईरान पर होगी चर्चा

गुरुवार को ट्रंप और शी के बीच होने वाली बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), व्यापार और ईरान समेत कई अहम मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है। विशेषज्ञों के मुताबिक, बैठक से किसी बड़े समझौते की संभावना सीमित है। बातचीत का प्रमुख उद्देश्य मौजूदा कूटनीतिक संबंधों और व्यापारिक युद्धविराम को बनाए रखना हो सकता है।

दोनों पक्ष व्यापार युद्ध और टैरिफ संबंधी युद्धविराम को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा कर सकते हैं। इसके अलावा एआई के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच संवाद के लिए नए संचार चैनल स्थापित करने के मुद्दे पर भी बातचीत होने की संभावना है।

Comments are closed.