घरेलू गैस की किल्लत के बीच पटना में अवैध रिफिलिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
अनुमंडल प्रशासन ने दो दिनों के भीतर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 58 गैस सिलिंडर जब्त किए हैं। एक मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे में आरोपी पिता-पुत्र फरार हैं।
सोमवार देर रात मालसलामी थाना क्षेत्र के पूर्वी नंदगोला टिकिया टोला में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। यहां घरेलू गैस सिलिंडरों से कमर्शियल सिलिंडरों में अवैध रूप से गैस भरी जा रही थी। टीम ने मौके से 32 सिलिंडर बरामद किए, जिनमें 22 घरेलू और 10 कमर्शियल सिलिंडर शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान 40 रेगुलेटर और रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान आरोपी रामधनी प्रसाद और उनका पुत्र रौशन कुमार मौके से फरार हो गए। दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में लंबे समय से घरेलू गैस को कमर्शियल सिलिंडरों में भरकर 250 से 300 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचा जा रहा था।
सत्यम सहाय ने बताया कि विशेष टीम का गठन कर सहायक आपूर्ति पदाधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई, जिसमें आपूर्ति निरीक्षक शमा फिरोजा भी शामिल थीं। छापेमारी के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इससे एक दिन पहले आलमगंज थाना क्षेत्र में भी छापेमारी कर 26 सिलिंडर जब्त किए गए थे और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के अवैध कारोबार की जानकारी कंट्रोल रूम के नंबरों पर दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
Comments are closed.