उत्तर भारत में बदलेगा मौसम का मिजाज, दिल्ली-NCR से यूपी-पंजाब तक बारिश की चेतावनी

0

उत्तर भारत में मौसम इन दिनों दोहरे असर के साथ नजर आ रहा है। जहां मैदानी इलाकों में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ रही है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से ठंडक बनी हुई है।

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाला है, जिसके चलते अगले 24 से 48 घंटों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

राजधानी दिल्ली-एनसीआर में आज आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम करीब 17 डिग्री रहने का अनुमान है। साथ ही, हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और दिन में तेज धूप महसूस की जा रही है। हालांकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी यूपी में सुबह हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा। आने वाले एक-दो दिनों तक मौसम इसी तरह बदलता रह सकता है।

पश्चिमी यूपी के मेरठ, सहारनपुर, रामपुर, अलीगढ़, बरेली और मुरादाबाद में शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

वहीं पंजाब और हरियाणा के मैदानी इलाकों में तापमान बढ़कर 32 डिग्री तक पहुंच सकता है, लेकिन 26 मार्च से यहां भी हल्की बारिश की संभावना है।

दूसरी ओर, पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री रह सकता है, जबकि शिमला में बादलों की आवाजाही के बीच मौसम सुहावना बना रहेगा।

कुल मिलाकर, अगले 48 घंटों में उत्तर भारत के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने के आसार हैं।

Comments are closed.