बंगाल में आज BJP विधायक दल की बैठक, अमित शाह की मौजूदगी में CM के नाम पर लगेगी मुहर

6

पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद अब राज्य के नए मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस खत्म होने जा रहा है। शुक्रवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में नए नेता का चुनाव किया जाएगा, जिस पर पूरे देश की नजर बनी हुई है।

मुख्यमंत्री पद के चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को कोलकाता पहुंचेंगे। उनकी मौजूदगी में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की अहम बैठक आयोजित होगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। यही नेता राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनेगा।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक यह बैठक न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में शाम चार बजे से शुरू होगी। बैठक में विधायक दल के नेता के नाम पर औपचारिक सहमति बनने के बाद मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी।

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे चर्चित नाम भाजपा के वरिष्ठ नेता और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी का माना जा रहा है। सुवेंदु अधिकारी ने इस चुनाव में ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट पर हराकर राजनीतिक हलकों में अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी है।

नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार, नौ मई को आयोजित किया जाएगा। रवींद्रनाथ टैगोर जयंती के अवसर पर कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुबह 11 बजे से समारोह शुरू होगा।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

Comments are closed.