नासिक TCS कांड की मुख्य आरोपी निदा खान गिरफ्तार, 25 दिनों से थी पुलिस से फरार

2

नासिक में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की यूनिट से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न और मतांतरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

इस मामले की मुख्य आरोपी निदा खान को गुरुवार को छत्रपति संभाजीनगर से गिरफ्तार कर लिया गया। वह पिछले कई दिनों से फरार चल रही थी। नासिक पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक के अनुसार, निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर पुलिस की सहायता से पकड़ा गया और आगे की पूछताछ के लिए नासिक लाया जा रहा है।

यह मामला तब सामने आया था जब नासिक स्थित टीसीएस यूनिट में महिला कर्मचारियों के कथित शोषण, जबरन मतांतरण के प्रयास, छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप सामने आए थे। इसके बाद पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए नौ अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की थीं और आठ लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से निदा खान फरार थी और पुलिस लगातार महाराष्ट्र के विभिन्न इलाकों में उसकी तलाश कर रही थी। इस दौरान उसने नासिक अदालत में अग्रिम जमानत की याचिका भी दायर की थी, जिसमें उसने दावा किया था कि वह गर्भवती है और गिरफ्तारी से राहत दी जाए। हालांकि अदालत ने उसे अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया था।

जांच एजेंसियों का कहना है कि इस मामले में आरोपियों ने कथित तौर पर कंपनी के भीतर एक संगठित समूह बनाकर गतिविधियों को अंजाम दिया। आरोप है कि जुलाई 2022 से फरवरी 2026 के बीच पीड़ित महिला कर्मचारियों पर दबाव बनाकर उनकी धार्मिक भावनाओं को आहत करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश की गई।

Comments are closed.