उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप: दिल्ली-यूपी में ठिठुरन, पहाड़ों पर बर्फबारी

3

फरवरी 2026 की शुरुआत में उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कई हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाया हुआ है। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम हो रही है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है।

दिल्ली में घने कोहरे का येलो अलर्ट

दिल्ली में 5 फरवरी को न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। दिन में धूप निकल रही है, लेकिन सुबह और शाम घने कोहरे के साथ ठंड का असर बना हुआ है। IMD ने राजधानी में मध्यम से घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जो अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।

यूपी में शीतलहर का असर

उत्तर प्रदेश में भी हालात लगभग समान हैं। पश्चिमी यूपी—गाजियाबाद, मेरठ और नोएडा—से लेकर पूर्वी हिस्सों तक घना से बहुत घना कोहरा छाया हुआ है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने 7 फरवरी तक राज्य में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश या ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।

तेज सर्द हवाओं के चलते महसूस होने वाली ठंड अधिक है। कोहरे के कारण सुबह की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है, जिससे यात्रियों और किसानों को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उत्तराखंड में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में कोहरा

उत्तराखंड में हिमालय की ऊंची चोटियों पर लगातार तीसरे दिन भी हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। चारधाम, हेमकुंड साहिब और औली समेत कई इलाकों में बर्फ की चादर बिछी हुई है। वहीं जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के साधना टॉप पर भारी बर्फबारी के कारण 35 वाहन फंस गए थे, जिन्हें रातभर चले रेस्क्यू अभियान में सुरक्षित निकाल लिया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गुरुवार को उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी और नैनीताल में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम और गुलमर्ग में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बुधवार को घाटी के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ रहा, लेकिन रात के तापमान में गिरावट से शीतलहर का असर बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार छह फरवरी की रात को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।

हिमाचल में हिमस्खलन का ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, कुल्लू और लाहुल-स्पीति जिलों में हिमस्खलन को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं आठ फरवरी तक प्रदेश के निचले और मैदानी इलाकों में घने कोहरे का येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। चार और पांच फरवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है।

आगे कैसा रहेगा मौसम

छह फरवरी को ऊंचाई वाले और पहाड़ी इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और हिमपात हो सकता है। सात और आठ फरवरी को मौसम फिर साफ रहने की उम्मीद है। हालांकि नौ और 10 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में व्यापक बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

Comments are closed.