गाजियाबाद में सामूहिक आत्महत्या करने वाली तीनों बहनों द्वारा छोड़ा गया सुसाइड नोट उनके मानसिक संघर्ष, पारिवारिक परिस्थितियों और कोरियन संस्कृति के प्रति अत्यधिक लगाव की तस्वीर पेश करता है।
नोट से पता चलता है कि रहन-सहन, पहनावे और हेयर-स्टाइल से लेकर पहचान तक, तीनों ने खुद को कोरियन संस्कृति से जोड़ लिया था। उन्होंने अपने नाम भी बदलकर मारिया, एलिजा और सिंडी रख लिए थे।
छोटी बहन को भी अपने जैसा बनाने की चाह
सुसाइड नोट के अनुसार, तीनों बहनें अपनी तीन साल की छोटी बहन देव्यांशी उर्फ देवु को भी अपने जैसा बनाना चाहती थीं। इस बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था, जिससे वे नाराज रहती थीं। घर में अक्सर रहने वाली अपनी मासी टीना को वे ‘टीना मम्मी’ कहकर बुलाती थीं, जिसका जिक्र उन्होंने नोट में भी किया है।
के-पॉप और कोरियन कंटेंट के प्रति गहरा लगाव
नोट में लिखा है कि वे कोरियन स्टार्स और खास तौर पर के-पॉप से भावनात्मक रूप से बेहद जुड़ चुकी थीं। इसके अलावा वे कोरियन, चीनी, थाई और जापानी फिल्मों, ड्रामा और म्यूजिक की भी शौकीन थीं। धीरे-धीरे उनका सामाजिक दायरा सिमटता चला गया और वे खुद को परिवार से अलग महसूस करने लगीं।
पारिवारिक टकराव और मानसिक तनाव
सुसाइड नोट में बहनों ने लिखा है कि छोटी बहन को लेकर मतभेदों ने रिश्तों में दूरी पैदा कर दी थी। उन्होंने यह भी लिखा कि उन्हें लगातार डांट-फटकार और मार झेलनी पड़ती थी, जिससे वे मानसिक रूप से टूट चुकी थीं। नोट में यह तक कहा गया कि वे इस दुनिया में मार खाने के लिए नहीं आई थीं और उन्हें यह जीवन असहनीय लगने लगा था।
पारिवारिक पृष्ठभूमि
पुलिस के मुताबिक, चेतन कुमार की पहली शादी सुजाता से हुई थी। बाद में उन्होंने दूसरी शादी सगी साली हिना से की। दोनों पत्नियों से कुल पांच बच्चे हुए। सीमित संसाधनों और जटिल पारिवारिक हालात के चलते बच्चों की पढ़ाई और भावनात्मक देखभाल प्रभावित हुई। जांच से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि अत्यधिक मोबाइल उपयोग और पारिवारिक उपेक्षा ने भी बच्चियों को मानसिक रूप से कमजोर किया।
दीवारों पर लिखे शब्दों से झलका अवसाद
फ्लैट की दीवारों पर लिखे वाक्य, पेंसिल स्केच और चित्र तीनों बहनों की मानसिक स्थिति की ओर इशारा करते हैं। दीवारों पर बने चित्रों और लिखे शब्दों में अकेलेपन और टूटन की भावना साफ दिखाई देती है।
‘यू आर इंडियन, आई एम कोरियन’
परिजनों के अनुसार, पिता जब कोरियन कंटेंट की लत छुड़ाने और भविष्य को लेकर समझाने की कोशिश करते थे, तो बहनें कहती थीं—“यू आर इंडियन, आई एम कोरियन।” वे शादी से डर जताती थीं और खुद को भारतीय समाज से अलग मानने लगी थीं।
पुलिस जांच जारी
पुलिस का कहना है कि यह मामला गहरे पारिवारिक और मानसिक कारणों से जुड़ा है। सुसाइड नोट और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जाएगी।
Comments are closed.