घरेलू LPG सिलेंडर हुआ महंगा, रसोई गैस की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी

0

आम उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका देते हुए सरकार ने घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलिंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है।

नई दरों के अनुसार, दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू एलपीजी सिलिंडर अब 913 रुपये की जगह 942 रुपये में मिलेगा। यह संशोधित दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।

यह पिछले तीन महीनों में घरेलू गैस की दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 7 मार्च को सिलिंडर के दाम 60 रुपये बढ़ाए गए थे। लगातार दो बार हुई वृद्धि से घरेलू बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ना तय है।

उद्योग सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता के चलते एलपीजी की अंतरराष्ट्रीय लागत में लगातार इजाफा हो रहा है। अमेरिका-ईरान तनाव और समुद्री आपूर्ति मार्गों पर जोखिम बढ़ने से भी ऊर्जा कीमतें ऊंची बनी हुई हैं, जिसका असर घरेलू बाजार पर पड़ रहा है।

सूत्रों का यह भी कहना है कि हालिया बढ़ोतरी के बावजूद सरकारी तेल विपणन कंपनियों को घरेलू एलपीजी की बिक्री पर भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था। प्रति सिलिंडर लगभग 703 रुपये तक का घाटा बताया जा रहा था, जिसे कम करने के लिए कीमतों में संशोधन जरूरी माना गया।

एलपीजी के साथ-साथ अन्य ईंधनों की कीमतों में भी हाल के महीनों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मई के मध्य से पेट्रोल और डीजल के दामों में कुल मिलाकर करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि हुई है, जबकि सीएनजी की कीमतें भी लगभग 6 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ी हैं।

उद्योग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, कीमतों में संशोधन के बावजूद तेल कंपनियां पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर दबाव झेल रही हैं। अनुमान है कि कंपनियों को पेट्रोल पर करीब 11 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 33.6 रुपये प्रति लीटर तक का नुकसान हो रहा है।

Comments are closed.