कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर एक नए विवाद में घिर गए हैं। बेंगलुरु की एक अदालत ने उनके खिलाफ कबड्डी मैच के दौरान 500 रुपये की कथित शर्त लगाने के मामले में FIR दर्ज करने का आदेश दिया है।
यह मामला तुमकुरु में आयोजित राज्य स्तरीय प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेज कबड्डी टूर्नामेंट से जुड़ा है। आरोप है कि मंत्री ने जिला उपायुक्त शुभा कल्याण के साथ दोस्ताना अंदाज में 500 रुपये की शर्त लगाई थी कि विजयपुरा की टीम मैच जीतेगी। हालांकि मुकाबले में दक्षिण कन्नड़ की टीम ने 36-26 से जीत दर्ज की। बाद में विजेता टीम को सम्मानित करते वक्त मंत्री ने सार्वजनिक रूप से इस शर्त का जिक्र भी किया, जिससे विवाद बढ़ गया।
इस पर एचआर नागभूषण नाम के व्यक्ति ने निजी शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि सार्वजनिक मंच पर शर्त लगाने का व्यवहार कानून के खिलाफ है, चाहे वह मजाक में ही क्यों न किया गया हो। उन्होंने यह भी कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से ऐसे आचरण की अपेक्षा नहीं की जाती।
मामले की सुनवाई के बाद बेंगलुरु की 42वीं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत ने पुलिस को FIR दर्ज कर जांच शुरू करने का निर्देश दिया है। दिलचस्प बात यह है कि पुलिस विभाग गृह मंत्रालय के अधीन आता है, जिसकी जिम्मेदारी खुद गृह मंत्री के पास है—ऐसे में यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
Comments are closed.