प्रदेश में होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है।
इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री Yogi Adityanath बुधवार रात 9 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ व्यापक समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में परीक्षा की तैयारियों के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को लेकर अहम दिशा-निर्देश दिए जाने की संभावना है।
इस उच्चस्तरीय बैठक में एडीजी (जोन), पुलिस आयुक्त, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, आईजी/डीआईजी रेंज, एसएसपी/एसपी और जिला विद्यालय निरीक्षक समेत सभी प्रमुख अधिकारी शामिल होंगे, ताकि राज्यभर में एकसमान और सख्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
प्रदेश में यह भर्ती परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित की जानी है। ऐसे में सरकार की प्राथमिकता परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, निगरानी व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधा और नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करना है। संवेदनशील जिलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए जा सकते हैं।
सरकार ने साफ कर दिया है कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नकल, पेपर लीक या अनियमितताओं के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।
Comments are closed.