वार्षिक हज यात्रा की शुरुआत के साथ भारत से जायरीनों का पहला जत्था शनिवार को सऊदी अरब पहुंच गया। इस बारे में वहां स्थित भारतीय दूतावास ने जानकारी दी।
पहले जत्थे का स्वागत मदीना एयरपोर्ट पर भारत के राजदूत डॉ. सुहेल एजाज खान और महावाणिज्यदूत फहद सूरी ने किया। इस दौरान सऊदी हज मंत्रालय के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने यात्रियों का स्वागत करने के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
राजदूत ने एयरपोर्ट पर सुविधाओं का निरीक्षण किया और हज यात्रियों की मदद में जुटे भारतीय समुदाय के स्वयंसेवकों से भी मुलाकात की। इससे पहले उन्होंने हज क्लीनिक और अन्य तैयारियों की समीक्षा कर व्यवस्थाओं को परखा था।
दूतावास ने सभी भारतीय जायरीनों को सुरक्षित, सुचारू और आध्यात्मिक रूप से संतोषजनक हज यात्रा की शुभकामनाएं दी हैं।
अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के मुताबिक, इस साल हज के लिए भारत से करीब 1,75,025 जायरीनों के सऊदी अरब जाने की उम्मीद है।
Comments are closed.