खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने घटिया गुणवत्ता वाले फोर्टिफाइड सनफ्लावर कुकिंग ऑयल के निर्माण और बिक्री के मामले में AWL एग्री बिजनेस लिमिटेड के खिलाफ कार्रवाई की है।
कंपनी ‘Fortune’ ब्रांड के तहत खाद्य तेल बेचती है। हालांकि, FSSAI ने जुर्माने की रकम की जानकारी नहीं दी है। यह कार्रवाई गोवा में लिए गए Fortune Friola रिफाइंड सनफ्लावर सीड ऑयल के सैंपल की जांच के बाद की गई। FSSAI के अनुसार, एक लीटर पैक का सैंपल ताज फोर्ट अगुआड़ा रिजॉर्ट एंड स्पा, गोवा से लिया गया था। प्राथमिक खाद्य प्रयोगशाला की जांच में सैंपल फोर्टिफाइड खाद्य तेल के निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरा।
जांच में विटामिन A और विटामिन D की मात्रा तय सीमा से कम पाई गई। इसके बाद उत्पाद को घटिया घोषित किया गया। कंपनी की अपील पर सैंपल की दोबारा रेफरल लैब में जांच कराई गई, जहां भी विटामिन D की मात्रा निर्धारित स्तर से काफी कम पाई गई।
FSSAI ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि AWL एग्री बिजनेस लिमिटेड पर जुर्माना लगाने का आदेश पारित किया गया है। प्राधिकरण ने यह कार्रवाई फोर्टिफिकेशन ऑफ फूड्स रेगुलेशन, 2018 के तहत निर्धारित मानकों के उल्लंघन के आधार पर की है।
क्या होता है फोर्टिफाइड सनफ्लावर ऑयल?
फोर्टिफाइड सनफ्लावर कुकिंग ऑयल में विटामिन A और विटामिन D जैसे जरूरी पोषक तत्व अतिरिक्त रूप से मिलाए जाते हैं। इसका उद्देश्य तेल के जरिए इन पोषक तत्वों की कमी को पूरा करने में मदद करना है।
Pai Foods के दो स्वीटनर पर भी कार्रवाई
FSSAI ने Pai Foods को उसके दो उत्पादों—‘Monk Fruit Extract Sweetener’ और ‘Monk Fruit Sweetener Drops’—की बिक्री तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया है। प्राधिकरण के मुताबिक, इन उत्पादों पर लेबलिंग से जुड़े मानकों का उल्लंघन पाया गया।
FSSAI ने कंपनी को इन उत्पादों की बिक्री बंद करने और आवश्यक मंजूरी हासिल करने के साथ वैध लाइसेंस लेने का निर्देश दिया है। मोंक फ्रूट मुख्य रूप से चीन में पाया जाने वाला फल है, जिसका इस्तेमाल स्वीटनर के तौर पर किया जाता है।
Comments are closed.