घटिया खाद्य पदार्थों पर FSSAI का शिकंजा, अब VKC Nuts का लाइसेंस निलंबित

0

खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन के मामले में दो कंपनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।

प्राधिकरण ने उत्तर प्रदेश की VKC Nuts Pvt. Ltd. और महाराष्ट्र की छेड़ा स्पेशलिटीज फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। FSSAI ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कार्रवाई की जानकारी दी। प्राधिकरण के मुताबिक, दोनों कंपनियों के परिसरों में स्वच्छता, कीट नियंत्रण और खाद्य सुरक्षा से जुड़े गंभीर नियमों का उल्लंघन पाया गया।

VKC Nuts के परिसर में मिलीं गंभीर खामियां

उत्तर प्रदेश स्थित VKC Nuts के निरीक्षण के दौरान पिस्ता के स्टोरेज एरिया में जिंदा कीड़े पाए गए। कच्चे माल के भंडारण क्षेत्र की दीवारों और छतों पर बड़ी मात्रा में काली फफूंद भी मिली।

निरीक्षण में प्रसंस्करण क्षेत्र में जंग लगी, गंदी और क्षतिग्रस्त मशीनरी का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई। इसके अलावा प्लास्टिक की ट्रे, चाकू और कंटेनर भी पुराने, गंदे और खराब हालत में पाए गए।

FSSAI के मुताबिक, फ्यूमिगेशन चैंबर के पास एक जिंदा छिपकली भी देखी गई। इसी इलाके में अंजीर खुले क्रेट में रखा हुआ था। प्रसंस्करण क्षेत्र में खाद्य पदार्थों पर मक्खियां बैठती हुई भी मिलीं, जबकि कीट नियंत्रण की व्यवस्था प्रभावी नहीं पाई गई।

महाराष्ट्र की कंपनी पर भी कार्रवाई

FSSAI ने खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र स्थित छेड़ा स्पेशलिटीज फूड्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

निरीक्षण के दौरान कंपनी परिसर में स्वच्छता से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आईं। FSSAI के अनुसार, कुछ कर्मचारी सड़े हुए कचरे के पास गंदे फर्श पर बैठकर केले छीलते हुए पाए गए।

सुधार के बाद ही हटेगा निलंबन

FSSAI ने कहा कि दोनों कंपनियों के लाइसेंस का निलंबन तब तक जारी रहेगा, जब तक वे जरूरी सुधारात्मक कदम नहीं उठातीं।

इनमें प्रभावी स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था लागू करना, कीट नियंत्रण में सुधार, उचित अपशिष्ट प्रबंधन, बुनियादी ढांचे की मरम्मत और कर्मचारियों को खाद्य सुरक्षा से संबंधित प्रशिक्षण देना शामिल है।

Comments are closed.