स्पेन की राजधानी मैड्रिड के पश्चिमी इलाकों में जंगलों में लगी भीषण आग ने विकराल रूप ले लिया है।
सूखे मौसम और तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल रही है, जिससे अब तक करीब 70,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन ने इसे इस क्षेत्र के इतिहास की सबसे विनाशकारी जंगल की आग में से एक बताया है।
पीएम बोले- जान बचाना सबसे बड़ी प्राथमिकता
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने शनिवार को आग प्रभावित सेनिसिएंटोस (Cenicientos) इलाके का दौरा किया और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दमकलकर्मी और आपदा राहत दल लोगों की जान बचाने और आबादी वाले इलाकों की सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
सांचेज ने कहा, “हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना और रिहायशी क्षेत्रों को सुरक्षित रखना है। आने वाले कुछ घंटे चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, क्योंकि तापमान भले कम हुआ हो, लेकिन तेज हवाएं आग को और भड़का सकती हैं।”
स्थानीय प्रशासन ने जताई चिंता
ब्रुनेट शहर की मेयर मार निकोलस ने कहा कि हर साल जंगलों में आग लगती है, लेकिन इस बार हालात बेहद गंभीर हैं। उनके मुताबिक, “यह अब तक की सबसे भयावह आग है और पूरे इलाके के लिए बड़ी त्रासदी बन चुकी है।”
धुएं से मैड्रिड की हवा भी प्रभावित
भीषण आग का असर राजधानी मैड्रिड तक पहुंच गया है। शहर के पश्चिमी हिस्से में घना धुआं छा गया, जबकि सुबह के समय जलने की तेज गंध सेंट्रल मैड्रिड तक महसूस की गई। खराब वायु गुणवत्ता के कारण लोगों को गले में जलन और सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ा।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और खराब हवा के चलते खिड़कियां बंद रखें।
सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए हजारों लोग
आग से प्रभावित गांवों के निवासियों को राजधानी के आसपास बने स्पोर्ट्स हॉल और अस्थायी राहत शिविरों में ठहराया गया है। पेरू मूल की 38 वर्षीय जैकलीन विलाफ्रांका ने बताया कि मोबाइल पर आपातकालीन चेतावनी मिलने के बाद उन्हें लगा कि उनका घर और पूरा इलाका आग की चपेट में आ जाएगा।
दमकल विभाग, सेना और आपदा प्रबंधन एजेंसियां लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हैं, जबकि अधिकारी मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
Comments are closed.