मुंबई में जारी रहेगी भारी बारिश, IMD ने आज कई इलाकों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया

4

देशभर में दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून ने जोर पकड़ लिया है और कई राज्यों में लगातार भारी बारिश हो रही है।

महाराष्ट्र और कर्नाटक सबसे ज्यादा प्रभावित हैं, जहां जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। मुंबई में हालात बिगड़ने के चलते आज भी राहत की उम्मीद नहीं है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई और आसपास के इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

अगले 3-4 दिन सक्रिय रहेगा मॉनसून
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र की वजह से कोंकण (मुंबई सहित), गोवा, मध्य महाराष्ट्र के घाट इलाके, तटीय कर्नाटक और गुजरात में आज अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दक्षिणी प्रायद्वीप और मध्य भारत के कई हिस्सों में मॉनसून अगले तीन से चार दिन तक सक्रिय रहेगा।

रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्र

रेड अलर्ट: गुजरात, कोंकण, मुंबई, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्र, उत्तर व तटीय कर्नाटक।

ऑरेंज अलर्ट: छत्तीसगढ़, विदर्भ, तेलंगाना, दक्षिणी अंदरूनी कर्नाटक और केरल।

बंगाल की खाड़ी का दबाव क्षेत्र

IMD के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना दबाव क्षेत्र सोमवार रात गोपालपुर (ओडिशा) से लगभग 30 किमी दक्षिण और कलिंगपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 110 किमी उत्तर-पूर्व में केंद्रित था। इसके आज दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र के तटों से टकराने की संभावना है, जिससे तेज हवाएं और भारी बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यह दबाव आगे अवदाब (Depression) में बदल सकता है।

मुंबई में बारिश का कहर
लगातार बारिश से मुंबई में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि अब तक राज्य में सात लोगों की मौत हो चुकी है। नांदेड़ जिले में 200 से ज्यादा ग्रामीण फंसे, जिनके लिए सेना को राहत कार्यों में लगाया गया है।

बारिश के चलते मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने आज स्कूल-कॉलेज बंद रखने का फैसला किया। पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में भी आज सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे।

उत्तर भारत में भी असर
कश्मीर घाटी में भारी बारिश के चलते आपातकालीन नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। कुपवाड़ा में बादल फटने की आशंका से लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन से तीन नेशनल हाईवे समेत 400 सड़कें बंद हो गईं। शिमला-मंडी मार्ग व कुल्लू की कई सड़कें बाधित हैं।

कर्नाटक में स्कूल बंद
कर्नाटक के धारवाड़ जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण जिला प्रशासन ने आज सभी स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित किया है।

Comments are closed.