भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है।
दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत लगभग 16 से 17 राज्यों में तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। विभाग ने मोबाइल अलर्ट जारी करते हुए अगले 2 से 3 घंटों में तेज बारिश और आंधी की आशंका जताई है।
IMD के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों तक आगे बढ़ चुका है। आने वाले 2–3 दिनों में इसके उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों तक पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
इन राज्यों में आज मौसम का असर
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में तेज आंधी, गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है। वहीं उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तर प्रदेश में पिछले 10 दिनों से मौसम लगातार बदल रहा है। बुधवार और गुरुवार को 52 जिलों में आंधी-बारिश से कई लोगों की मौत की खबरें सामने आईं, जबकि शुक्रवार को भी तेज मौसम के कारण जनहानि हुई।
इसी तरह छत्तीसगढ़ के कांकेर में आकाशीय बिजली गिरने से उपसरपंच समेत तीन लोगों की मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को हल्की बारिश और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की संभावना जताई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि सोमवार से लगभग 50 जिलों में भीषण गर्मी और दो दर्जन से अधिक जिलों में लू चल सकती है।
मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह के अनुसार पाकिस्तान क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी यूपी के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद 22 जून से प्री-मानसून गतिविधियां और तेज होंगी। 25 जून के बाद मानसून के पूरे प्रदेश में फैलने की संभावना है, हालांकि इस बार इसके आगमन में 4–5 दिन की देरी हो सकती है।
Comments are closed.