दक्षिणी दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित कैलाश हिल्स में युवती से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी राहुल मीणा को रिमांड अवधि पूरी होने पर सोमवार को साकेत कोर्ट में पेश किया जाएगा।
जांच के तहत आरोपी और मृतका के मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों की कड़ी जोड़ी जा सके।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से घटना से जुड़ा अधिकांश सामान बरामद कर लिया गया है। जांच एजेंसियों का दावा है कि इलेक्ट्रॉनिक और फोरेंसिक साक्ष्यों के साथ-साथ आरोपी का कथित इकबालिया बयान भी मौजूद है, जो केस को मजबूत बनाता है।
अलवर पुलिस की कार्रवाई संभव
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस अब आरोपी को आगे रिमांड पर लेने की योजना में नहीं है। ऐसे में राजस्थान की अलवर पुलिस उससे पूछताछ के लिए उसे गिरफ्तार कर सकती है।
जानकारी के अनुसार, अलवर पुलिस इस मामले में दिल्ली पुलिस के संपर्क में है। यदि गिरफ्तारी होती है, तो आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर अलवर ले जाया जा सकता है, जहां उसके खिलाफ अपने ही दोस्त की पत्नी से दुष्कर्म के आरोप में अलग मामला दर्ज है।
Comments are closed.