ISI-Babbar Khalsa International लिंक का खुलासा, दिल्ली-पंजाब से 11 आतंकी गिरफ्तार

0

ISI और Babbar Khalsa International (बीकेआई) से जुड़े एक और जासूसी-आतंकी मॉड्यूल का खुलासा हुआ है। Delhi Police Special Cell ने दिल्ली और पंजाब में कार्रवाई करते हुए 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

जांच में सामने आया है कि यह गिरोह संवेदनशील सैन्य और अर्धसैनिक ठिकानों की निगरानी कर पाकिस्तान तक खुफिया जानकारी पहुंचा रहा था। इसके लिए सोलर पावर से चलने वाले सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिनसे लाइव फुटेज सीधे हैंडलर्स तक भेजी जा रही थी।

NCR से शुरू हुआ खुलासा

इस तरह की जासूसी का मामला पहली बार 14 मार्च को Ghaziabad के कौशांबी में सामने आया था, जहां छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में दिल्ली कैंट और सोनीपत के रेलवे ट्रैक पर कैमरे लगाकर सेना की मूवमेंट की निगरानी की बात सामने आई थी।
इसके बाद इस नेटवर्क से जुड़े कुल 21 लोगों को पकड़ा गया, और अब नए मॉड्यूल का पर्दाफाश हुआ है।

मॉड्यूल के तीन बड़े पहलू

जांच एजेंसियों के मुताबिक इस नेटवर्क के तीन मुख्य हिस्से थे:

सोलर CCTV कैमरों के जरिए संवेदनशील इलाकों में जासूसी
सीमा पार से हथियारों की तस्करी
अलग-अलग जगहों पर ग्रेनेड हमलों की साजिश

आरोपितों की निशानदेही पर देशभर में लगाए गए नौ सोलर CCTV कैमरे बरामद किए गए हैं। ये कैमरे उत्तर भारत के कई संवेदनशील सैन्य ठिकानों के पास लगाए गए थे।

पाकिस्तान तक जा रही थी लाइव फीड

कैमरों में लगे सिम कार्ड और मोबाइल ऐप के जरिए लाइव फुटेज पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स तक पहुंचाई जा रही थी। आरोपित सीधे ISI ऑपरेटिव्स के संपर्क में थे और एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए बातचीत करते थे।

हथियार और डिजिटल सबूत बरामद

आरोपितों के पास से चार पिस्टल, 24 कारतूस, 24 मोबाइल फोन, दो कार और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। साथ ही बड़ी मात्रा में संवेदनशील डेटा, फोटो, वीडियो और लोकेशन से जुड़ी जानकारी भी मिली है।

दो चरणों में ऑपरेशन

पहला ऑपरेशन स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज ने 29 मार्च को अंजाम दिया, जिसमें छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें पंजाब और दिल्ली के आरोपी शामिल थे, जो ISI-BKI नेटवर्क के पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थे।

दूसरा ऑपरेशन साउथ-वेस्ट रेंज और मिलिट्री इंटेलिजेंस की संयुक्त कार्रवाई में हुआ, जिसमें पंजाब से पांच और आरोपित पकड़े गए। ये आरोपी सेना और Border Security Force (BSF) कैंप की रेकी कर रहे थे।

नौ शहरों में फैला नेटवर्क

जांच में सामने आया कि कपूरथला, जालंधर, पठानकोट, पटियाला, मोगा, अंबाला, कठुआ, बीकानेर और अलवर जैसे शहरों में कैमरे लगाए गए थे।

आतंकी साजिश की भी तैयारी

जांच एजेंसियों को यह भी पता चला है कि पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स, ISI और गैंगस्टर्स के साथ मिलकर भारत में आतंकी हमलों की साजिश रच रहे थे।

Comments are closed.