मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर: अमेरिका का ईरान के केशम द्वीप पर हमला, जवाब में तेहरान ने कुवैत-बहरीन पर दागीं मिसाइलें
मिडिल ईस्ट में युद्धविराम के बावजूद तनाव एक बार फिर तेज हो गया है। अमेरिकी सेना ने मंगलवार को दावा किया कि उसने ईरान की ओर से क्षेत्रीय देशों पर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों को विफल कर दिया है।
इसके साथ ही, अमेरिका ने कहा है कि उसने आत्मरक्षा में ईरान के केशम द्वीप क्षेत्र को निशाना बनाया है। अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने एक बयान जारी कर बताया कि ईरान ने कुवैत और बहरीन की दिशा में कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, लेकिन अधिकांश मिसाइलें अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकीं और या तो बीच रास्ते में निष्क्रिय हो गईं या मिसफायर हो गईं।
कमान के अनुसार, कुवैत की ओर दागी गई दो मिसाइलें अपने लक्ष्य से भटक गईं, जबकि बहरीन की ओर भेजी गई तीन मिसाइलों को अमेरिकी और बहरीन की वायु रक्षा प्रणालियों ने सफलतापूर्वक रोक लिया। इन घटनाओं में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
CENTCOM ने यह भी बताया कि जवाबी कार्रवाई में ईरान के केशम द्वीप और गोरुक क्षेत्र में स्थित रडार सिस्टम, ड्रोन नियंत्रण केंद्र और एयर डिफेंस ठिकानों को निशाना बनाया गया।
अमेरिका का कहना है कि ये कार्रवाई आत्मरक्षा के तहत की गई, क्योंकि ईरान पर पहले अमेरिकी ड्रोन को गिराने और क्षेत्रीय समुद्री मार्गों के लिए खतरा पैदा करने के आरोप हैं। वहीं, ईरानी मीडिया ने इन हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे “आक्रामक और उकसावे वाली कार्रवाई” बताया है।
Comments are closed.