बुलंदशहर में भीषण हादसा: पुलिया से टकराई कार में लगी आग, पांच लोगों की मौत, एक महिला गंभीर
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार कार चांदोक दोराहे के निकट एक पुलिया से टकरा गई और उसमें भीषण आग लग गई।
कार में कुल छह लोग सवार थे। हादसे के बाद कार में लगी आग इतनी विकराल थी कि उसमें फंसे पांच लोग बाहर नहीं निकल सके और उनकी जिंदा जलकर मौत हो गई। केवल एक महिला को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला जा सका, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ रामकरण सिंह ने बताया कि कार सवार सभी लोग बदायूं जनपद के सहसवान से एक शादी समारोह में शामिल होकर दिल्ली के मालवीय नगर लौट रहे थे।
पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
Comments are closed.