CNG उपभोक्ताओं को झटका, दिल्ली में दो रुपये प्रति किलो बढ़े दाम

0

पेट्रोल और डीजल के बाद अब सीएनजी उपभोक्ताओं को भी महंगाई का झटका लगा है।

26 मई से दिल्ली में सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी गई है। इसके साथ ही राजधानी में CNG की नई कीमत 83.09 रुपये प्रति किलो हो गई है।

15 मई के बाद से यह चौथी बार है जब सीएनजी के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 15 मई को 2 रुपये, 18 मई को 1 रुपया और 23 मई को 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई थी। ताजा इजाफे को मिलाकर पिछले 11 दिनों में CNG कुल 6 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है।

इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर दिल्ली-एनसीआर में देखने को मिल सकता है, जहां बड़ी संख्या में ऑटो रिक्शा, टैक्सी, स्कूल वैन और निजी वाहन CNG पर चलते हैं। ऑटो चालकों का कहना है कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों से उनकी रोजाना की बचत कम होती जा रही है और परिचालन लागत बढ़ रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि CNG के दाम बढ़ने से परिवहन खर्च में इजाफा हो सकता है, जिसका असर आम लोगों के घरेलू बजट पर भी पड़ेगा।

माना जा रहा है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास बढ़ी अनिश्चितता के चलते वैश्विक ईंधन आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसी वजह से भारत में पेट्रोल, डीजल और अब CNG की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

Comments are closed.