दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह मौसम का मिज़ाज बदला नजर आया। कई इलाकों में हल्के से घने कोहरे की चादर दिखी, जबकि ठंड से थोड़ी राहत महसूस की गई। राजधानी में न्यूनतम तापमान करीब 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार, 5 फरवरी से दिल्ली में मौसम कुछ हद तक सामान्य हो सकता है और ठंड में मामूली कमी आएगी। हालांकि यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। आने वाले दिनों में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है।
अगले एक हफ्ते के दौरान मौसम में फिर बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की आशंका है, जिसके चलते मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी के आसार
बीते 3 फरवरी को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई थी। वहीं हिमाचल प्रदेश में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर और मेरठ समेत कई इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।
मौसम विभाग का अनुमान है कि पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में बुधवार से हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले सात दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर तीन पश्चिमी विक्षोभों का असर देखने को मिल सकता है।
इसके अलावा, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। 5 फरवरी को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में कोहरा रहने का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 6 फरवरी को, जबकि पश्चिम बंगाल और बिहार में 4 और 5 फरवरी को घना कोहरा देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 8 और 9 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। साथ ही उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत के कई इलाकों में भी बारिश हो सकती है।
Comments are closed.