फ्रांस में एलन मस्क की सोशल मीडिया कंपनी X (पूर्व में ट्विटर) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। मंगलवार, 3 फरवरी को फ्रांसीसी अधिकारियों ने X के कार्यालयों पर छापा मारा।
यह कार्रवाई प्लेटफॉर्म पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री और डीपफेक कंटेंट के प्रसार के आरोपों की शुरुआती जांच के तहत की गई है। फ्रांसीसी अभियोजकों ने इस मामले में कंपनी के मालिक एलन मस्क को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, मस्क और X की पूर्व सीईओ लिंडा याकारिनो को 20 अप्रैल को “वॉलंटरी इंटरव्यू” में शामिल होने के लिए कहा गया है। इसके अलावा, X के कर्मचारियों को भी उसी सप्ताह गवाह के तौर पर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। लिंडा याकारिनो मई 2023 से जुलाई 2025 तक X की सीईओ रहीं।
इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए एलन मस्क ने इसे राजनीतिक हमला बताया है। X ने भी अपने पेरिस कार्यालय पर छापे को गलत करार देते हुए कहा है कि यह कदम वैध कानून प्रवर्तन के उद्देश्यों के बजाय राजनीतिक मकसद से उठाया गया है।
इस बीच, X और मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी xAI को ब्रिटेन में भी जांच का सामना करना पड़ रहा है। ब्रिटेन के डेटा प्राइवेसी रेगुलेटर ने यह जांच शुरू की है कि AI चैटबॉट ‘ग्रोक’ के विकास और उपयोग के दौरान व्यक्तिगत डेटा को कैसे संभाला गया। ग्रोक को xAI ने विकसित किया है और यह X प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है।
पिछले महीने ग्रोक को लेकर वैश्विक स्तर पर विवाद खड़ा हुआ था, जब आरोप लगे कि इसके जरिए बिना सहमति के डीपफेक इमेज तैयार की जा सकती हैं। इसी मुद्दे को लेकर कई देशों में AI के दुरुपयोग और प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी पर सवाल उठाए गए हैं।
फिलहाल, फ्रांस और ब्रिटेन दोनों में जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों और कानूनी पहलुओं की समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
Comments are closed.