दिल्ली-NCR में आंधी के साथ आएगी बारिश, कर्नाटक में प्री-मानसून ने ले ली 71 जान; शिमला में ऑरेंज अलर्ट जारी
जून की शुरुआत हो रही है। पूरा उत्तर भारत गर्मी से तप रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में आज मौसम बदलने की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने कई जगह तेज आंधी के साथ बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना जताई है।
दिल्ली में तेज हवा, आंधी व गरज के साथ हल्की वर्षा हो सकती है
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। तेज हवा, आंधी व गरज के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। 50 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चल सकती है। इस दौरान थोड़े समय के लिए 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आंधी भी चल सकती है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
यूपी के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना
दिन में सूरज के तेवर और उमस भरी गर्मी ने शनिवार को लोगों को खूब परेशान किया। इस कारण 24 घंटे में अधिकतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। शाम को आंधी और बूंदाबांदी से कुछ राहत मिली। अगले पांच दिनों मे हल्के बादल रहने के कारण पांच जून तक तेज हवाओं, गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की वर्षा रहने की संभावना है
हिमाचल में भी हिमपात
हिमाचल के लाहुल स्पीति जिले सहित रोहतांग, शिंकुला व बारालाचा दर्रे में शनिवार सुबह मौसम ने करवट बदली और हिमपात हुआ। हालांकि दिन में धूप खिल गई और पूरा दिन मौसम साफ रहा। इसके बाद काफी संख्या में पर्यटक रोहतांग पहुंचे और बर्फ के फाहों का आनंद लिया। कांगड़ा में सुबह के समय तूफान के साथ हल्की वर्षा हुई।
शिमला व सिरमौर जिले में भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट
शिमला शहर और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार रात आठ बजे के बाद वर्षा आरंभ हुई। पिछले दिन शिमला में 3.3, केलंग में 2.0, सोलन में 4.0, जुब्बड़हट्टी में 2.4, कुफरी में 8.8, कुकुमसेरी में 2.1, धौलाकुआं में 2.0, कसौली में 5.0 व पांवटा साहिब में 3.4 मिलीमीटर वर्षा हुई। मौसम विभाग ने पहली जून यानी रविवार को सोलन, शिमला व सिरमौर जिले में भारी वर्षा का आरेंज अलर्ट जारी किया है।
कर्नाटक में बारिश ने मचाई तबाही, 60 दिन में 71 लोगों की मौत
कर्नाटक में प्री-मानसून वर्षा ने 125 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के कार्यालय ने शनिवार को कहा कि अप्रैल से राज्य में अत्यधिक प्री-मानसून बारिश के कारण 71 लोगों की जान चली गई। राज्य में आम तौर पर मई में 74 मिमी बारिश होती है, लेकिन वास्तविक बारिश 219 मिमी हुई, जो औसत सामान्य बारिश से 197 प्रतिशत अधिक है।