ईरान की ओर अमेरिकी जंगी बेड़ा रवाना, ट्रंप ने भेजे एयरक्राफ्ट कैरियर और वॉरशिप

3

अमेरिकी नौसेना का एक बड़ा जंगी बेड़ा खाड़ी की ओर बढ़ रहा है, जिससे ईरान को लेकर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की आशंकाएं तेज हो गई हैं।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को इस सैन्य मूवमेंट की पुष्टि करते हुए कहा कि अमेरिका ईरान की गतिविधियों पर करीबी नजर बनाए हुए है। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम से लौटते वक्त एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, “हमारे कई जहाज उस दिशा में जा रहे हैं। हमारी एक बड़ी फोर्स ईरान की ओर बढ़ रही है। मैं नहीं चाहता कि कुछ हो, लेकिन हम उन पर बहुत करीब से नजर रख रहे हैं।” उन्होंने इसे “विशाल बेड़ा” बताते हुए कहा कि हो सकता है इसका इस्तेमाल न करना पड़े।

USS अब्राहम लिंकन समेत कई युद्धपोत शामिल

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में एक एयरक्राफ्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप मिडिल ईस्ट पहुंचने वाला है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन, उसके साथ कई विध्वंसक जहाज और अन्य वॉरशिप्स पिछले सप्ताह एशिया-पैसिफिक क्षेत्र से रवाना हो चुके हैं।

सैन्य तैयारी के साथ बातचीत के संकेत

ट्रंप ने यह भी दोहराया कि तेहरान के खिलाफ सख्त रुख की वजह से बड़े पैमाने पर फांसी दिए जाने की कथित योजना रुकी थी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ईरान से बातचीत के लिए तैयार है। इससे पहले व्हाइट हाउस ने संकेत दिया था कि हालिया घटनाक्रम के बाद ईरान पर तत्काल सैन्य कार्रवाई की संभावना कम है, लेकिन गुरुवार के बयान से साफ हो गया कि सैन्य तैयारी जारी है।

बढ़ता तनाव, अतिरिक्त सुरक्षा पर विचार

यह सैन्य मूवमेंट ऐसे समय हो रहा है जब ईरान में विरोध प्रदर्शनों के बाद वॉशिंगटन और तेहरान के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि मिडिल ईस्ट में अतिरिक्त एयर डिफेंस सिस्टम तैनात करने पर भी विचार किया जा रहा है। ट्रंप इससे पहले प्रदर्शनकारियों की हत्या को लेकर ईरान के खिलाफ बार-बार सख्त चेतावनी दे चुके हैं।

ईरान में हालात अब भी गंभीर

ईरान ने बुधवार को पहली बार विरोध प्रदर्शनों में मारे गए लोगों के आंकड़े जारी किए, जिसमें 3,117 मौतों की पुष्टि की गई है। मानवाधिकार संगठनों का दावा है कि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है। 8 जनवरी के बाद से देश में इंटरनेट प्रतिबंध जारी हैं, जिससे स्वतंत्र जानकारी बाहर आना मुश्किल हो रहा है।

Comments are closed.