बिहार में राबड़ी देवी के सरकारी आवास से सामान हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गुरुवार देर रात पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास पर छोटी गाड़ियां पहुंचीं, जिनके जरिए छोटे-मोटे सामान को वहां से हटाया गया।
सूत्रों के मुताबिक, इन गाड़ियों से सामान को पहले गोला रोड स्थित गौशाला में शिफ्ट किया गया है, जहां से इसे आगे किसी अन्य स्थान पर ले जाया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस दौरान पेड़-पौधे और अन्य घरेलू सामान भी हटाए गए।
यह प्रक्रिया ऐसे समय में शुरू हुई है जब आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव दिल्ली में हैं, जबकि तेजस्वी यादव भी फिलहाल पटना में मौजूद नहीं हैं। हालांकि, अभी तक आरजेडी की ओर से आधिकारिक रूप से सामान शिफ्ट किए जाने की कोई पुष्टि नहीं की गई है।
एक महीने पहले मिला था खाली करने का नोटिस
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की जीत के बाद राज्य में एक बार फिर उसकी सरकार बनी है। इसके बाद लालू परिवार को करीब 20 साल बाद सरकारी आवास खाली करने का नोटिस जारी किया गया था।
25 नवंबर को बिहार भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को यह नोटिस भेजा था।
चुनाव परिणामों के बाद परिवार में मतभेद की चर्चा
बिहार विधानसभा चुनाव में हार के बाद लालू परिवार में आंतरिक मतभेद की खबरें भी सामने आई थीं। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के राबड़ी आवास छोड़ने को लेकर भी चर्चा हुई थी।
इससे पहले, तेज प्रताप यादव को विधानसभा चुनाव से पहले ही पार्टी और परिवार से अलग किए जाने की घोषणा की जा चुकी थी। राबड़ी आवास से सामान हटाए जाने की मौजूदा गतिविधि को नोटिस के बाद की अगली प्रक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है, हालांकि इस पर अभी आधिकारिक बयान का इंतजार है।
Comments are closed.