ऑपरेशन सिंदूर में तबाह हुआ जैश-ए-मोहम्मद का स्विमिंग पूल बहावलपुर में दोबारा शुरू

3

जैश-ए-मोहम्मद ने बहावलपुर में फिर शुरू किया आतंकी स्विमिंग ट्रेनिंग सेंटर, ऑपरेशन सिंदूर में हुआ था नष्ट

पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने बहावलपुर में स्थित अपने पुराने आतंकी प्रशिक्षण केंद्र को फिर से सक्रिय कर दिया है। इस केंद्र में मौजूद स्विमिंग पूल को, जिसे ऑपरेशन सिंदूर के दौरान निशाना बनाया गया था, अब दोबारा चालू कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह स्विमिंग पूल पहले जैश के मदरसे में पढ़ने वाले छात्रों के लिए तैराकी प्रशिक्षण हेतु उपयोग में लाया जाता था, लेकिन कुछ समय के लिए इसे बंद कर दिया गया था। अब इसे फिर से बहाल कर आतंकियों को कश्मीर में घुसपैठ से पहले तैराकी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

विशेष रूप से चिंता की बात यह है कि 2019 के पुलवामा हमले में शामिल चार प्रमुख आतंकवादी—मोहम्मद उमर फारूक, तल्हा रशीद अलवी, मोहम्मद इस्माइल अलवी और राशिद बिल्ला—कश्मीर रवाना होने से पूर्व इसी पूल में फोटो खिंचवा चुके थे।

जैश के प्रशिक्षण मानकों के अनुसार, हर आतंकी को ऑपरेशनल तैनाती से पहले तैराकी परीक्षा पास करना अनिवार्य होता है।
एक रिपोर्ट में खुलासा किया गया कि बहावलपुर में लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद, और हुजी के शीर्ष कमांडरों के साथ ISI और पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों की एक बैठक हुई थी।

इस बैठक में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तबाह हुए आतंकी ठिकानों को फिर से शुरू करने पर सहमति बनी थी। उसी के बाद जैश ने अपने मदरसे में बंद पड़े इस स्विमिंग पूल को फिर से चालू कर तैराकी प्रशिक्षण शुरू कर दिया।

इस गतिविधि ने एक बार फिर पाकिस्तान की धरती पर संचालित हो रहे आतंकी प्रशिक्षण केंद्रों पर वैश्विक चिंता बढ़ा दी है, खासकर तब जब इन केंद्रों का सीधा संबंध भारत में आतंकी हमलों से जुड़ा हुआ रहा है।

Comments are closed.