उत्तराखंड में फिर से मूसलाधार बारिश ने कहर बरपाया है। टिहरी जिले के गेंवाली भिलंगना में गुरुवार रात बादल फटने की घटना हुई।
राहत की बात यह है कि किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। स्थिति से निपटने के लिए राजस्व विभाग के साथ स्वास्थ्य, विद्युत, जल संस्थान, जल निगम, पीडब्ल्यूडी, वेपकोस और पशु चिकित्सा टीमें मौके पर भेजी गई हैं।
इसी बीच, चमोली जिले की तहसील देवाल के मोपाटा गांव में बादल फटने से बड़ा हादसा हुआ। यहां दो लोग—तारा सिंह और उनकी पत्नी—लापता हैं, जबकि विक्रम सिंह और उनकी पत्नी घायल बताए जा रहे हैं। घटना में एक आवास और गोशाला दब गई, जिससे करीब 15 से 20 पशु भी मलबे में दब गए।
भारी बारिश के कारण टिहरी के कालेश्वर इलाके में पहाड़ से आया मलबा कई घरों में घुस गया। जेसीबी मशीनों से मलबा हटाने का काम जारी है और पुलिस मौके पर मौजूद है।
वहीं, चमोली जिले में लगातार हो रही बारिश से राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गया है, जिनमें नंदप्रयाग, कमेड़ा, भनेरपानी, पागलनाला, जिलासू, गुलाबकोटी और चटवापीपल शामिल हैं। मार्ग खोलने के लिए संबंधित टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि बिना पुष्टि यात्रा पर न निकलें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
Comments are closed.