बंगाल के 15 बूथों पर वोटिंग शुरू, हिंसा की आशंका के चलते हाई अलर्ट

2

पश्चिम बंगाल के दो विधानसभा क्षेत्रों—डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम—के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान शुरू हो गया है।

सुबह से ही मतदाता बड़ी संख्या में वोट डालने के लिए केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। यह फैसला 29 अप्रैल को दूसरे चरण के मतदान के दौरान कथित गड़बड़ियों और मतों में हेरफेर की शिकायतों के बाद लिया गया है।

15 बूथों पर दोबारा वोटिंग

एएनआई के मुताबिक, मगराहाट पश्चिम के 11 और डायमंड हार्बर के 4 बूथों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी प्रभावित मतदान केंद्रों पर आज दोबारा वोटिंग होगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार और उम्मीदवारों को लिखित सूचना देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

मतदान सुबह 7 बजे शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा।

किन-किन बूथों पर पुनर्मतदान

मगराहाट पश्चिम (दक्षिण 24 परगना) के 11 बूथ और डायमंड हार्बर (दक्षिण 24 परगना) के 4 बूथ इस पुनर्मतदान में शामिल हैं, जिनमें विभिन्न प्राथमिक विद्यालय और स्थानीय शिक्षण संस्थान स्थित मतदान केंद्र शामिल हैं।

पुनर्मतदान क्यों कराया जा रहा है?

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल के अनुसार, दूसरे चरण के मतदान के दौरान ईवीएम से जुड़ी गड़बड़ियों के 77 मामले सामने आए थे। उन्होंने कहा कि जिन बूथों पर नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई है, वहां निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पुनर्मतदान का आदेश दिया गया है।

हिंसा की आशंका के बीच हाई अलर्ट

चुनाव के बाद संभावित हिंसा को देखते हुए चुनाव आयोग ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। राज्य में मतदान 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में हुआ था और इस बार रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। वहीं, अधिकारियों ने कुछ राजनीतिक दलों द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज किया है।

Comments are closed.