FIFA World Cup 2026 का आगाज आज, ओपनिंग सेरेमनी में शकीरा और बर्ना बॉय का धमाल

0

48 टीमें, 1,248 खिलाड़ी और एक सपना—फीफा विश्व कप 2026 की चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा।

दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज गुरुवार से होने जा रहा है और अगले 39 दिनों तक वैश्विक खेल जगत की धड़कनें फुटबॉल के मैदानों पर केंद्रित रहेंगी।

अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की मेजबानी में आयोजित हो रहे इस विश्व कप को अब तक का सबसे बड़ा संस्करण माना जा रहा है। 48 टीमों के साथ खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरेंगे। गर्म मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच खिलाड़ियों की फिटनेस और प्रदर्शन भी बड़ी परीक्षा से गुजरेंगे।

टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला गुरुवार रात खेला जाएगा, जबकि 19 जुलाई को न्यूजर्सी में होने वाले फाइनल के साथ विश्व चैंपियन का फैसला होगा। फुटबॉल प्रेमियों की निगाहें कई दिग्गज सितारों पर टिकी होंगी, जिनमें पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो, अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी, फ्रांस के काइलियन एमबापे और ब्राजील के नेमार प्रमुख हैं।

रोनाल्डो के लिए यह विश्व कप खिताब जीतने का एक और अवसर होगा। अपने शानदार करियर में लगभग हर बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाले पुर्तगाली स्टार अब भी विश्व कप ट्रॉफी का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, नेमार भी अपने करियर में पहली बार विश्व चैंपियन बनने का सपना पूरा करना चाहेंगे।

दूसरी ओर, मेसी और एमबापे पर भी खास नजरें रहेंगी। दोनों खिलाड़ी पहले ही विश्व कप जीत चुके हैं और अब दूसरी बार यह उपलब्धि हासिल करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे। हालांकि, 48 टीमों वाले विस्तारित टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा पहले से कहीं अधिक कड़ी रहने वाली है।

भीषण गर्मी, लंबा शेड्यूल और दुनिया भर की शीर्ष टीमों के बीच मुकाबले इस विश्व कप को और रोमांचक बनाने वाले हैं। ऐसे में अगले कुछ सप्ताह फुटबॉल प्रशंसकों के लिए उत्साह, ड्रामा और यादगार पलों से भरपूर रहने की उम्मीद है।

इससे पहले सिर्फ एक बार इतनी गर्मी में फीफा विश्व कप खेला गया था। वो साल था 1994 और मेजबान, यही अमेरिका। उस विश्व कप को याद करने वाले आज भी गर्मी से बेचैन हो जाते हैं। उस बार के चैंपियन ब्राजील के सामने एक बार फिर से मौका होगा कि वो दुनिया को सांबा के मोहपाश में बांध लें।

शकीरा और बर्ना बाय देंगे रंगारंग प्रस्तुति
उद्घाटन मुकाबले से 90 मिनट पहले रंगारंग समारोह होगा, जिसमें शकीरा, बर्ना बाय, जे बैल्विन, टायला, माना, अलेहांद्रो फर्नांडेज, बेलिंडा जैसे दिग्गज सितारे प्रस्तुति देंगे।

नंबर गेम
104 मैच खेले जाएंगे इस बार विश्व कप में जो सबसे ज्यादा हैं, पहले 64 मैच होते थे
3 अलग अलग विश्व कप मैचों की मेजबानी करने वाला मेक्सिको का एज्टेका पहला स्टेडियम बनेगा
17 वर्षीय मेक्सिको के गिल्बर्टो मोरा सबसे युवा खिलाड़ी होंगे
जबकि स्काटलैंड के गोलकीपर क्रेग गार्डन सबसे उम्रदराज
357 खिलाड़ी ऐसे हैं, जो पहले भी किसी न किसी विश्व कप टीम का हिस्सा रह चुके हैं
891 खिलाड़ी पहली बार फीफा विश्व कप का अनुभव करेंगे
पहली बार खेलेंगे ये देश
कैप वेर्डे, कुराकाओ, जार्डन और उज्बेकिस्तान पहली बार फीफा विश्व कप में खेलेंगे।

अब तक के विजेता
ब्राजील : 1958, 1962, 1970, 1994, 2002
जर्मनी : 1954, 1974, 1990, 2014
इटली : 1934, 1938, 1982, 2006
अर्जेंटीना : 1978, 1986, 2022
उरुग्वे : 1930, 1950
फ्रांस : 1998, 2018
इंग्लैंड : 1966
स्पेन : 2010

फीफा विश्व कप के मैच
मेक्सिको बनाम दक्षिण अफ्रीका
स्थान : मेक्सिको सिटी
समय : 12:30 एएम

दक्षिण कोरिया बनाम चेकिया
स्थान : गुअलदहारा
समय : 7:30 एएम

प्रसारण : युनाइट8 1 व 2 स्पोर्ट्स, जी5

Comments are closed.