दक्षिण अमेरिकी देश Chile के उत्तरी हिस्से में सोमवार को 6.9 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे कई इलाकों में तेज झटके महसूस किए गए।
हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने या बड़े पैमाने पर नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र अटाकामा रेगिस्तान क्षेत्र में स्थित कलामा शहर के पास था। झटका जमीन के भीतर करीब 100 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया, जिसकी वजह से इसका असर व्यापक क्षेत्र में महसूस हुआ।
वहीं, National Seismological Center of Chile ने बताया कि भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम 5:52 बजे आया और इसका केंद्र कैलामा शहर से दक्षिण दिशा में स्थित था।
चिली की राष्ट्रीय आपदा निवारण एवं प्रतिक्रिया एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि इस भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है। साथ ही किसी गंभीर क्षति या घायल होने की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
चिली दुनिया के सबसे ज्यादा भूकंप प्रभावित देशों में गिना जाता है। यहां नाजका प्लेट, दक्षिण अमेरिकी प्लेट और अंटार्कटिक प्लेट के मिलन क्षेत्र होने के कारण अक्सर भूकंप आते रहते हैं। यही वजह है कि देश में मध्यम तीव्रता के भूकंप आम माने जाते हैं।
देश के इतिहास में कई विनाशकारी भूकंप दर्ज हैं। साल 1960 में वाल्दिविया क्षेत्र में 9.5 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसे अब तक का सबसे शक्तिशाली भूकंप माना जाता है। वहीं 2010 में मध्य चिली में आए 8.8 तीव्रता के भूकंप में सैकड़ों लोगों की जान गई थी।
Comments are closed.