ब्रिटेन में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम ठप, 600 से अधिक उड़ानें रद्द; यात्रियों की बढ़ी परेशानी

2

ब्रिटेन में मंगलवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में अचानक आई तकनीकी खराबी से विमान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं।

सिस्टम में गड़बड़ी के चलते 600 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि बड़ी संख्या में उड़ानों में देरी हुई। इससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फ्लाइट मॉनिटरिंग वेबसाइट Flightradar24 और Sky News की रिपोर्ट के मुताबिक, तकनीकी समस्या के कारण ब्रिटेन के कई प्रमुख हवाई अड्डों पर उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस के शेड्यूल भी गड़बड़ा गए।

इंजीनियरों ने दूर की तकनीकी खराबी

ब्रिटेन की नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज (NATS) ने बताया कि मंगलवार दोपहर तकनीकी समस्या सामने आने के तुरंत बाद इंजीनियरों की टीम को इसे ठीक करने के लिए लगाया गया। बाद में NATS ने पुष्टि की कि सिस्टम की खराबी दूर कर ली गई है और विमान परिचालन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है।

NATS ने यात्रियों को हुई अचानक परेशानी और उड़ानों में देरी के लिए माफी मांगी है। हालांकि, सिस्टम में तकनीकी खराबी किस वजह से आई, इसकी तत्काल कोई जानकारी नहीं दी गई।

ब्रिटिश एयरवेज और EasyJet समेत कई एयरलाइंस प्रभावित

Flightradar24 ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि सिस्टम फेल होने से ब्रिटिश एयरवेज, EasyJet, KLM और Lufthansa समेत कई बड़ी एयरलाइंस की उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ।

बजट एयरलाइन EasyJet ने भी कहा कि तकनीकी समस्या के कारण उसकी कई उड़ानें संचालित नहीं हो सकीं और पूरे यूरोप में उड़ानों के शेड्यूल पर असर पड़ा।

लंदन के हीथ्रो, स्टैनस्टेड और लंदन सिटी एयरपोर्ट के अलावा मैनचेस्टर, बर्मिंघम और स्कॉटलैंड के कई हवाई अड्डों ने भी परिचालन प्रभावित होने की पुष्टि की।

हीथ्रो एयरपोर्ट की वेबसाइट के अनुसार, मंगलवार को यूरोप के लिए संचालित कई छोटी दूरी की उड़ानें रद्द हुईं या उनमें देरी हुई। हालांकि, आने वाली उड़ानों पर तकनीकी खराबी का असर अपेक्षाकृत कम दिखाई दिया।

Comments are closed.