डोडा हादसा: हरियाणा के जवान मोहित शहीद, एक साल पहले हुई थी शादी

3

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को सेना की एक गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गई।

इस दर्दनाक हादसे में 10 जवानों की मौत हो गई, जबकि 11 घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर उधमपुर के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में शहीद होने वाले जवानों में हरियाणा के झज्जर जिले के 25 वर्षीय आर्मी जवान मोहित भी शामिल हैं। हादसे की सूचना गुरुवार देर शाम उनके पैतृक गांव गिजाड़ोध में परिजनों को दी गई, जिसके बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

एक साल पहले हुई थी शादी

परिवार के अनुसार, मोहित करीब पांच साल पहले सेना में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। उनकी शादी लगभग एक साल पहले हुई थी। शहीद जवान की पार्थिव देह शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे गांव पहुंचने की संभावना है। सेना द्वारा पार्थिव शरीर को पूरे सैन्य सम्मान के साथ गांव लाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रशासन की ओर से भी उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।

शादी की सालगिरह पर आए थे घर

परिजनों ने बताया कि मोहित नवंबर 2025 में अपनी शादी की सालगिरह के मौके पर 10–15 दिन की छुट्टी लेकर घर आए थे। फिलहाल उनका कोई संतान नहीं है। उनके पिता गांव में खेती-बाड़ी करते हैं, जबकि एक भाई वाहन चलाकर परिवार का सहयोग करता है।

Comments are closed.