दिल्ली-NCR में बदला मौसम: सुबह बारिश, ठंड बढ़ने के आसार; तूफान का अलर्ट

1

दिल्ली-NCR में अब कड़ाके की ठंड बढ़ने की संभावना है।

शुक्रवार (23 जनवरी) सुबह राजधानी में हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज दिनभर दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश हो सकती है।

इस बारिश से एक ओर जहां ठंड बढ़ेगी, वहीं लंबे समय से प्रदूषण से जूझ रहे दिल्लीवासियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद भी है। IMD ने दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। दोपहर तक गरज-चमक, बिजली गिरने और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश के एक-दो दौर हो सकते हैं।

एक दिन पहले टूटा था गर्मी का रिकॉर्ड

गुरुवार को दिल्ली में असामान्य रूप से गर्म मौसम दर्ज किया गया था। अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब सात डिग्री अधिक रहा। यह बीते सात वर्षों में जनवरी का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग के अनुसार, लगातार चल रही गर्म पूर्वी हवाओं और साफ आसमान के कारण दिन में तेज धूप रही, जिससे तापमान बढ़ गया।

बारिश से गिरेगा तापमान, सुधरेगी हवा

IMD के मुताबिक, बारिश के चलते शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18–20 डिग्री सेल्सियस और शनिवार को 16–18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बादलों और बारिश के असर से एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में भी सुधार की संभावना है। अनुमान है कि शुक्रवार को AQI खराब श्रेणी में रहेगा, जबकि शनिवार तक यह मॉडरेट कैटेगरी में आ सकता है। मौसम विभाग ने पूरे शहर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

एक और दौर की बारिश संभव

मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार दोपहर या शाम को हल्की से बहुत हल्की बारिश का एक और दौर हो सकता है। लोगों को तेज हवाओं और स्थानीय गरज-चमक वाले तूफान को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Comments are closed.