श्रीलंका में बड़ा साइबर हमला: वित्त मंत्रालय का सिस्टम हैक, 25 लाख डॉलर की चोरी; 4 अधिकारी सस्पेंड

1

श्रीलंका में एक बड़े साइबर हमले ने सरकार की वित्तीय प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

साइबर अपराधियों ने वित्त मंत्रालय के कंप्यूटर सिस्टम में सेंध लगाकर करीब 25 लाख डॉलर (लगभग 21 करोड़ रुपये) की राशि निकाल ली। यह रकम कथित तौर पर विदेशी ऋण चुकाने के लिए निर्धारित थी।

यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है, जब श्रीलंका 2022 के आर्थिक संकट के बाद अभी भी वित्तीय स्थिति संभालने की कोशिश कर रहा है। 46 अरब डॉलर के विदेशी कर्ज के बोझ से जूझ रहे देश के लिए यह साइबर हमला एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

सरकारी अधिकारियों के अनुसार, यह किसी सरकारी संस्थान में अब तक की सबसे बड़ी डिजिटल चोरी मानी जा रही है। वित्त मंत्रालय के सचिव हर्षना सुरियाप्पेरुमा ने बताया कि हैकिंग ईमेल के जरिए की गई थी और शुरुआती स्तर पर ही संदिग्ध गतिविधियों का पता चल गया था। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

लापरवाही के आरोप में सार्वजनिक ऋण प्रबंधन कार्यालय (PDMO) के चार वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस घटना में आंतरिक प्रक्रियाओं की भी जांच की जा रही है, ताकि यह समझा जा सके कि सुरक्षा में चूक कहां हुई।

सरकार ने बताया कि मामले की जांच में अंतरराष्ट्रीय सहयोग भी लिया जा रहा है और संबंधित देशों की एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है। वहीं, विशेषज्ञ इसे सरकारी डिजिटल ढांचे की सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक चेतावनी के रूप में देख रहे हैं।

Comments are closed.