बंगाल में मतदान से पहले प्रवासियों की घर वापसी, हजारों मजदूर लौटे

3

बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले राज्य में प्रवासी श्रमिकों की घर वापसी तेज हो गई है।

विभिन्न राज्यों में काम कर रहे हजारों मजदूर अपने गृह जिलों—मालदा, मुर्शिदाबाद, कूचबिहार, उत्तर दिनाजपुर और अलीपुरद्वार—लौट रहे हैं, जहां गुरुवार को मतदान होना है।

कई श्रमिकों का कहना है कि अगर वे वोट नहीं देंगे तो उनका नाम मतदाता सूची से हट सकता है। इसी आशंका के चलते मुर्शिदाबाद के समायूं शेख जैसे लोग ओडिशा के संबलपुर से दर्जनों साथियों के साथ बस बुक कर लौटे हैं। गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, आंध्र प्रदेश और ओडिशा से भी बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर वापसी कर रहे हैं, जिनमें से कई मतदान के दिन सुबह तक पहुंचने वाले हैं।

राजनीतिक दल भी इस मुद्दे पर सक्रिय हैं। राज्य भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा है कि प्रवासी मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं, ताकि वे बिना बाधा मतदान में हिस्सा ले सकें।

इधर, चुनाव के ऐलान के बाद से राज्य में बड़े पैमाने पर जब्ती की कार्रवाई भी हुई है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, अब तक करीब 472 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी, शराब, मादक पदार्थ, कीमती धातुएं और अन्य सामग्री जब्त की जा चुकी है। इसमें लगभग 27 करोड़ रुपये नकद, 102 करोड़ रुपये से अधिक की शराब और 108 करोड़ रुपये से ज्यादा के मादक पदार्थ शामिल हैं।

आयोग ने बताया कि 15 मार्च को आचार संहिता लागू होने के बाद निगरानी और सख्ती बढ़ाई गई, हालांकि जब्ती की प्रक्रिया इससे पहले ही शुरू कर दी गई थी।

Comments are closed.