अनशन खत्म, लेकिन आंदोलन नहीं; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़ी CJP

0

पीएम मोदी का दूसरा वीडियो संदेश: युवाओं का जताया आभार, CJP बोली- इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन

नई दिल्ली: पेपर लीक विवाद पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार देर रात लगातार दूसरे दिन वीडियो संदेश जारी कर युवाओं का धन्यवाद किया। उन्होंने गुरुवार रात साझा किए गए अपने पहले वीडियो पर मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया और सुझावों के लिए युवाओं का आभार जताया।

शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे जारी संदेश में पीएम मोदी ने कहा, “धन्यवाद दोस्तों… कल देर रात आपसे मिलने का मौका मिला था। मैंने जो वीडियो पोस्ट किया था, उस पर आपने जिस तरह प्रतिक्रिया दी और सकारात्मक सुझाव दिए, उसके लिए सभी का धन्यवाद। आपका यह प्यार और विश्वास आगे भी हमारे संवाद को मजबूत करेगा।”

इससे पहले गुरुवार रात भी प्रधानमंत्री ने आधी रात के समय वीडियो संदेश जारी कर युवाओं को “फ्रेंड्स” कहकर संबोधित किया था। माना जा रहा है कि जेन-जी तक सीधे पहुंच बनाने के लिए उन्होंने वही समय और संवाद शैली अपनाई, जब युवा सबसे अधिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहते हैं।

24 घंटे में रिकॉर्ड व्यूज का दावा

प्रधानमंत्री के गुरुवार रात जारी वीडियो को लेकर दावा किया गया है कि उसने 24 घंटे के भीतर सबसे अधिक बार देखे जाने का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। वीडियो को 30.3 करोड़ से अधिक बार देखा गया, जबकि इसे 16 लाख से ज्यादा लाइक्स मिले।

CJP का ऐलान- आंदोलन जारी रहेगा

उधर, CJP ने साफ कर दिया है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। संगठन के नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री के वीडियो संदेश के बावजूद उनकी मांग में कोई बदलाव नहीं आया है। इसी बीच जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है।

वांगचुक ने खत्म किया अनशन

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त कर दिया है। फिलहाल वह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी सेहत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय दुरानी के अनुसार, वांगचुक की हालत स्थिर है और उन्हें जरूरत के अनुसार तरल आहार दिया जा रहा है। उनका इलाज उनकी सहमति और निर्धारित चिकित्सा प्रोटोकॉल के तहत जारी है।

Comments are closed.